हल्द्वानी। रक्षाबंधन का पर्व सोमवार को उत्साहपूर्वक मनाया जायेगा। इस वर्ष रक्षाबंधन के दिन पूर्णिमा तिथि के प्रारंभ के साथ भद्रा की शुरुआत होगी जो दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगा, लेकिन इसका प्रभाव दोपहर के 1 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। इस दौरान रक्षाबंधन का पर्व नहीं मनाया जाएगा। इस कारण इस बार रक्षाबंधन दोपहर बाद मनाया जाएगा।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
भद्रा के कारण राखी बांधने का मुहूर्त दोपहर में नहीं है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल राखी बांधने का शुभ मुहूर्त दोपहर 01:30 से रात्रि 09:07 तक रहेगा। कुल मिलाकर शुभ मुहूर्त 07 घंटे 37 मिनट का रहेगा।
इस मंत्र को बोलते हुए बांधें राखी
सनातन धर्म में कई प्रथाएं और मान्यताएं हैं जिनके न केवल धार्मिक बल्कि वैज्ञानिक पहलू भी हैं जो आज भी बिल्कुल लागू होते हैं। मौली को शरीर पर सुरक्षा कवच के रूप में भी बांधा जाता है। मौली को दृढ़ संकल्प, सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। धर्म शास्त्रों के अनुसार मौली बांधने से व्यक्ति को त्रिदेवों- ब्रह्मा, विष्णु और महेश तथा त्रिदेवियां- लक्ष्मी, पार्वती और सरस्वती की असीम कृपा प्राप्त होती है। ब्रह्माजी की कृपा, कीर्ति और विष्णुजी की अनुकंपा से व्यक्ति को सुरक्षात्मक शक्ति प्राप्त होती है और भगवान शिव दुर्गुणों का नाश करते हैं। आज भी लोग कलावा बांधते समय इस मंत्र का जाप करते हैं।
येन बद्धो बलि राजा दानवेन्द्रो महाबल:।
तेन त्वामनुबधनामि रक्षे मा चल मा चल।

