भीमताल। ओखलकाण्डा विकासखण्ड के पतलोट में आयोजित जनता दरबार शिविर के दौरान भीमताल विधानसभा क्षेत्र में बाघ के बढ़ते आतंक को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। शिविर में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने ग्रामीण जनता के साथ मिलकर बाघ के आतंक से निजात दिलाने हेतु प्राइवेट शिकारी हायर कर बाघ को मारने की तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर उप जिलाधिकारी धारी को ज्ञापन सौंपा।
हरीश पनेरु ने चेतावनी दी कि यदि कल तक तल्ली दिनी देनी एवं किटौड़ा (चमोली) क्षेत्र में प्राइवेट शिकारी तैनात नहीं किए गए, तो कालागर गलनी के पास महिलाओं के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे वन्यजीव हमलों के कारण पूरे विधानसभा क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, जिसे समाप्त करने के लिए बाघ के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी धारी श्री अंशुल भट्ट ने मौके पर ही फोन के माध्यम से प्रभागीय वन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नैनीताल को अवगत कराया और निर्देश दिए कि किसी भी हाल में कल तक क्षेत्र में प्राइवेट शिकारी तैनात किए जाएं, ताकि जनता को आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।
वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तल्ली दिनी देनी एवं किटौड़ा चमोली क्षेत्र में अब तक वन विभाग, स्थानीय प्रशासन एवं क्षेत्रीय विधायक द्वारा की गई कार्रवाई केवल दिखावा साबित हुई है। जनता का कहना है कि घटनाओं के बाद मौके पर पहुंचकर केवल वाहवाही लूटी जाती है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इससे जनता का विश्वास वन विभाग एवं क्षेत्रीय विधायक से उठ चुका है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

