भीमताल। धारी ब्लॉक के लेटीबूंगा में शुक्रवार को आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच से विधायक राम सिंह कैड़ा की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कैड़ा को कर्मठ, मेहनती और जुझारू विधायक बताते हुए कहा कि वह जब भी देहरादून आते हैं, तो केवल भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास की ही बात करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक कैड़ा सचिवालय में भी विभिन्न अधिकारियों से मिलकर लगातार अपने क्षेत्र की विकास योजनाओं के लिए प्रयासरत रहते हैं और जनता के प्रति उनकी निष्ठा अनुकरणीय है।
कैड़ा बोले, धामी देश के सबसे अधिक दौड़भाग व संघर्ष करने वाले मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान विधायक राम सिंह कैड़ा ने भी मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भीमताल विधानसभा का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को देश का सबसे अधिक दौड़भाग व संघर्ष करने वाला सीएम बताया और कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश का पहला राज्य बन चुका है।
विधायक कैड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सड़कों के डामरीकरण हेतु विशेष बजट स्वीकृत किया है। उन्होंने कहा कि अपनी विधायक निधि से अब तक 300 से अधिक सड़कें काटकर गांवों को जोड़ने का कार्य किया गया है, जिससे हजारों ग्रामीणों को राहत मिली है।
इस दौरान विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं
भीड़ापानी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
ओखलकांडा व धारी के मध्य पॉलिटेक्निक कॉलेज
रामगढ़ में तहसील
भीमताल में उप तहसील एवं उप जिला अस्पताल
ज्योस्यूड़ा में डिग्री कॉलेज
लेटीबूंगा पहुंचने पर विधायक कैड़ा व उनकी धर्मपत्नी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने मुख्यमंत्री का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में जनता की बड़ी भागीदारी और विकास योजनाओं की घोषणाओं के साथ क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

