भीमताल।नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित विकास भवन में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने विभिन्न विभागों और युवा कल्याण विभाग के गेस्ट हाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ कर्मचारियों के हस्ताक्षर उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज नहीं पाए गए। इसके साथ ही गेस्ट हाउस में भी कई अनियमितताएं सामने आई हैं। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने शनिवार कोविकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग, बाल विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, समाज कल्याण विभाग, मुख्य उद्यान अधिकारी कार्यालय और युवा कल्याण विभाग में कई कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित पाए गए।
वहीं समाज कल्याण विभाग में कुछ कर्मचारी कार्यालय में मौजूद तो थे, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर नहीं मिले। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने युवा कल्याण विभाग के गेस्ट हाउस का भी औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि गेस्ट हाउस में दो लोगों के ठहरने का रिकॉर्ड तो मौजूद था, लेकिन विजिटर रजिस्टर में उनका कोई उल्लेख नहीं किया गया था।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। गेस्ट हाउस की व्यवस्थाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति अनुमोदन के बाद कक्ष आवंटन की प्रक्रिया को सुनिश्चित करेगी। इसके साथ ही गेस्ट हाउस की साफ-सफाई, रखरखाव और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने साफ कहा है कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस औचक निरीक्षण के बाद विकास भवन और संबंधित विभागों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।

