IMG 20260608 WA0031 1 scaled  नैनीताल में घर-घर पहुंचने लगे बीएलओ, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू

 नैनीताल में घर-घर पहुंचने लगे बीएलओ, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू

उत्तराखण्ड ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

IMG 20260608 WA0031 scaled  नैनीताल में घर-घर पहुंचने लगे बीएलओ, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू

राज्यपाल को सौंपा गया पहला गणना फॉर्म, 7 जुलाई तक चलेगा मतदाता सत्यापन अभियान

नैनीताल/हल्द्वानी, 8 जून। उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई। अभियान के तहत नैनीताल जनपद में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है।

अभियान का औपचारिक शुभारंभ लोकभवन नैनीताल में हुआ, जहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को गणना फॉर्म प्रदान किया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मतदाता के विवरण का सत्यापन एवं अद्यतन किया जाएगा, जिससे निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

IMG 20260608 WA0024 scaled  नैनीताल में घर-घर पहुंचने लगे बीएलओ, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू

अभियान के क्रम में बीएलओ पूजा ने कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के आवास पहुंचकर उन्हें गणना फॉर्म उपलब्ध कराया और प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं बीएलओ द्वारा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी गणना फॉर्म सौंपा गया।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के सभी मतदाताओं से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और आगामी 7 जुलाई तक घर-घर जाकर फॉर्म वितरण एवं डिजिटलीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा।

IMG 20260608 WA0021 scaled  नैनीताल में घर-घर पहुंचने लगे बीएलओ, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू

‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा। यदि किसी घर पर मतदाता नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार वहां पहुंचेंगे तथा अगली विजिट की तिथि और संपर्क नंबर वाला स्टीकर चस्पा करेंगे।

14 जुलाई को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची

प्रशासन के अनुसार 8 जून से 7 जुलाई तक गणना फॉर्म एकत्रित किए जाएंगे। इसके बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 11 सितंबर तक उनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं से गणना फॉर्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भी भर सकते हैं।

अभियान के प्रथम दिन जनपद के सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने में जुटे रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *