नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद नैनीताल के लिए 20 जुलाई 2026 को भारी से बहुत भारी वर्षा का “ऑरेंज अलर्ट” जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने सोमवार, 20 जुलाई को जनपद नैनीताल के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भू-स्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसी स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना से बचाव तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत जनपद नैनीताल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय, जिनमें कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं, सोमवार को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना या किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बिंदु:
20 जुलाई को नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूल बंद।
सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

