हल्द्वानी। दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन (यूसीडीएफ) ने आंचल ब्रांड के तहत देशी घी से तैयार विभिन्न मिठाइयों को बाजार में उतारा है। इस बार उपभोक्ताओं को आंचल मिष्ठान के रूप में ड्राई फ्रूट बेसन लड्डू, पंजीरी लड्डू, रसगुल्ला, गुलाब जामुन और बाल मिठाई उपलब्ध होगी।
दुग्ध विकास मंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश की प्रसिद्ध एवं पारंपरिक बाल मिठाई को पहली बार यूसीडीएफ द्वारा ‘आंचल बाल मिठाई’ के नाम से बाजार में लॉन्च किया जा रहा है। अन्य आंचल मिठाइयों की तरह इसे भी प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों से खरीदे गए दूध से तैयार शुद्ध खोवे और देशी घी से बनाया जा रहा है। स्वच्छता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए तैयार की जा रही इस मिठाई से उपभोक्ताओं को त्योहारी सीजन में स्थानीय, शुद्ध और स्वादिष्ट उत्पाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
मिठाइयों की लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए यूसीडीएफ ने इस सीजन में 05 टन बाल मिठाई, 06 टन गुलाब जामुन, 07 टन रसगुल्ला, 04 टन ड्राई फ्रूट बेसन लड्डू और 04 टन पंजीरी लड्डू तैयार करने की योजना बनाई है।
यूसीडीएफ के अनुसार आंचल की ये मिठाइयां उत्तराखंड के सभी जनपदों में उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्राहक इन्हें आंचल मिल्क बूथ, कैफे तथा सुविधा और रिलायंस जैसे प्रमुख रिटेल सुपरस्टोर्स से खरीद सकेंगे।
दीपावली के अवसर पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ आंचल ब्रांड का प्रचार-प्रसार करना और प्रदेश की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है। पारंपरिक बाल मिठाई को आंचल ब्रांड से जोड़ने से स्थानीय उत्पादकों और दुग्ध उत्पादकों को भी बाजार का लाभ मिलने की उम्मीद है।

