पंतनगर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में 15 दिवसीय ‘हरित यज्ञ’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह रहे। उन्होंने तराई भवन परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा आम की विभिन्न किस्मों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि हरेला केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, किसान और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से ‘ग्रीन रिवोल्यूशन 2.0’ का नेतृत्व करने का आह्वान करते हुए कृषि में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जल संरक्षण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर बल दिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम तीन पौधे लगाने की अपील की।
कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने बताया कि हरेला महोत्सव के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर, कृषि विज्ञान केंद्रों और गोद लिए गए गांवों में 50 हजार पौधों का रोपण एवं संरक्षण किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पांच प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न कृषि एवं नवाचार परियोजनाओं के लिए एमओयू करने का संकल्प लिया गया। साथ ही ड्रैगन फ्रूट खेती में उत्कृष्ट कार्य के लिए किसान अनूप मौर्य को 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

