हल्द्वानी। उत्तराखंड की वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की पंचम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। विकास कार्यों और जनसेवा के लिए पहचान रखने वाली डॉ. इंदिरा हृदयेश को लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उनके पुत्र एवं सुमित हृदयेश ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी माता केवल जननी ही नहीं, बल्कि उनकी राजनीतिक गुरु भी थीं। उन्होंने कहा कि डॉ. इंदिरा हृदयेश ने उन्हें जनसेवा, संघर्ष और जनता के प्रति समर्पण का जो मार्ग दिखाया, उसी पर चलते हुए आमजन की सेवा करना उनके जीवन का उद्देश्य है।
सुमित हृदयेश ने कहा कि स्व. इंदिरा हृदयेश ने अपना पूरा जीवन प्रदेश और विशेष रूप से हल्द्वानी के विकास को समर्पित किया। उनके द्वारा किए गए विकास कार्य आज भी लोगों के बीच जीवंत हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में सांसद अजय भट्ट, विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक बंशीधर भगत, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, मेयर गजराज बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सभा का वातावरण भावुक और श्रद्धामय रहा। उपस्थित लोगों ने डॉ. इंदिरा हृदयेश के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके विकास कार्यों, जनसेवा और राजनीतिक योगदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उत्तराखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में अमिट छाप छोड़ी। उनके आदर्श और कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

