रुद्रपुर और काशीपुर में हज टीकाकरण शिविर आयोजित, कुल 272 हाजियों का टीकाकरण व मेडिकल निरीक्षण
रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य हज समिति द्वारा स्वास्थ्य विभाग, जनपद ऊधम सिंह नगर के सहयोग से आज दिनांक 31 मार्च 2026 को पंडित राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज में हज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष ख़तीब मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर हज समिति के अध्यक्ष ख़तीब मलिक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य हज समिति हज यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार, विशेषकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से हज यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष केंद्रीय हज समिति तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार हाजियों के टीकाकरण के लिए राज्य चिकित्सालयों का चयन किया गया है, ताकि हज यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूर्ण कराई जा सकें।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में आयोजित टीकाकरण शिविर में कुल 142 हाजियों का टीकाकरण एवं मेडिकल निरीक्षण सफलतापूर्वक किया गया। वहीं, काशीपुर जिला चिकित्सालय में आयोजित टीकाकरण शिविर में 130 हाजियों का टीकाकरण एवं चिकित्सकीय परीक्षण संपन्न हुआ। इस प्रकार दोनों केंद्रों पर कुल 272 हाजियों का टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
हज समिति के सदस्य मुफ़्ती मन्नान रज़ा ने बताया कि उत्तराखंड राज्य हज समिति शीघ्र ही हज यात्रा पर जाने वाले हाजियों के लिए कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करेगी। इन शिविरों में हाजियों को हज यात्रा के दौरान आने वाले मसाइल, जरूरी नियमों और तरीक़ों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे यात्रा को सहज और व्यवस्थित रूप से पूर्ण कर सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति सदस्य एवं कार्यक्रम समन्वयक मुफ़्ती मन्नान रज़ा तथा ज़ीशान ओवैसी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में समिति की सदस्या श्रीमती तरन्नुम ख़ान, हज अधिकारी मोहम्मद अहसान, एडवोकेट सैयद नदीम ज़ैदी सहित स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. डी.पी. सिंह (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), प्रदीप महर (ADIO), संजय रावत, नंदलाल, दीपा जोशी, तौफ़ीक़ अहमद, जुनैद क़मर, दीशा शुक्ला, अंकुर धवन, श्रीमती रजनी भट्ट, अंजु मिश्रा, श्वेता, सुमन, पूजा, पायल, आकाश कुमार, विनोद टम्टा, चंदन सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

