मुख्यमंत्री से उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति की शिष्टाचार भेंट
देहरादून।उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने आज देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. लोहनी द्वारा मुख्यमंत्री का शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। भेंट के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं अकादमिक गतिविधियों, नवाचारों, डिजिटल लर्निंग पहलों तथा हाल की उपलब्धियों की जानकारी मुख्यमंत्री को विस्तार से दी गई।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों एवं सतत प्रगति की सराहना करते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से विश्वविद्यालय को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।इस दौरान दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्रकाशित विश्वविद्यालय की प्रमुख पत्रिकाएँ— “उड़ान”, “प्रगति के सोपान”—तथा विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट भी मुख्यमंत्री को भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने इन प्रकाशनों के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोधपरक दृष्टिकोण एवं संस्थागत विकास प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वविद्यालय द्वारा हाल में किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त कर उनकी सराहना की तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में विकास एवं विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा की। साथ ही, विश्वविद्यालय की आवश्यकताओं एवं भविष्य की योजनाओं पर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए राज्य में उच्च शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए परस्पर सहयोग को और अधिक मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

