
हल्द्वानी। बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी हल्द्वानी, नैनीताल द्वारा 29 जनवरी 2026 से संचालित 30 दिवसीय रेफ्रिजरेटर एवं एसी रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन आज 03 फरवरी 2026 को कुंवरपुर, गौलापार स्थित बड़ौदा आरसेटी परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शालिनी सिंह, शाखा प्रबंधक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक दौलतपुर शाखा द्वारा बड़ौदा आरसेटी निदेशक अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशिक्षक नरेन्द्र सिंह पिलख्वाल, एफएलसी काउंसलर सुरेश कुमार बिष्ट एवं मास्टर ट्रेनर जयवीर सिंह के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के कुल 28 पुरुष प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।मुख्य अतिथि शाखा प्रबंधक शालिनी सिंह ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण को पूर्ण तल्लीनता एवं अनुशासन के साथ पूरा करें तथा अर्जित तकनीकी कौशल का उपयोग कर स्वयं का स्वरोजगार प्रारंभ करें। उन्होंने बैंक के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण उपरांत ऋण सुविधा हेतु मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
इस अवसर पर उपस्थित बड़ौदा आरसेटी निदेशक, मास्टर ट्रेनर, प्रशिक्षक एवं एफएलसी काउंसलर ने भी सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण में सफलता के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान आरसेटी निदेशक अतुल कुमार पाण्डेय ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं उत्तराखंड सरकार के तत्वावधान में बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा यह प्रशिक्षण संस्थान वर्ष 2011 से संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के स्वरोजगार इच्छुक व्यक्तियों को निःशुल्क एवं आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

