नीट पेपर लीक मामले में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा
हल्द्वानी। युवा कांग्रेस उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू ने नई दिल्ली में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की है।
हेमन्त साहू ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लगाने वाले नीट पेपर लीक घोटाले पर जवाब देने के बजाय केंद्र सरकार छात्रों की आवाज़ उठाने वाले नेताओं को गिरफ्तार कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि न्याय की मांग करने वालों को रोका जा रहा है, जबकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले वास्तविक दोषियों पर अब तक कठोर कार्रवाई नहीं हो सकी है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों, बेरोजगार युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाते रहे हैं। ऐसे में छात्रों के समर्थन में आवाज़ उठाने पर उन्हें हिरासत में लेना इस बात का संकेत है कि सरकार जनता के सवालों से घबराई हुई है।
हेमन्त साहू ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है। यदि विपक्ष की आवाज़ को पुलिस बल के सहारे दबाने का प्रयास किया जाएगा तो यह लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, छात्रों को न्याय दिलाया जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए विपक्ष की आवाज़ को दबाने की राजनीति तत्काल बंद की जाए।

