
हल्द्वानी। बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी हल्द्वानी, नैनीताल द्वारा 25 फरवरी 2026 से प्रारंभ 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन 28 फरवरी 2026 को कुंवरपुर, गौलापार स्थित बड़ौदा आरसेटी परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रगतिशील किसान श्री नरेंद्र सिंह मेहरा, आरसेटी निदेशक श्री अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशिक्षक श्री नरेन्द्र सिंह पिलख्वाल, एफएलसी काउंसलर श्री सुरेश कुमार बिष्ट एवं मास्टर ट्रेनर श्री हरीश सिंह सजवाण द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के कुल 28 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें महिला एवं पुरुष दोनों शामिल हैं।
मुख्य अतिथि श्री मेहरा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कृषि कार्य को वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक पद्धति से अपनाकर कम जोत में भी अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने उत्तराखंड की मशरूम गर्ल दिव्या रावत का उदाहरण देते हुए प्रतिभागियों को प्रशिक्षण को पूरी तल्लीनता एवं अनुशासन के साथ पूर्ण करने तथा इसके पश्चात मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आरसेटी निदेशक, मास्टर ट्रेनर, प्रशिक्षक एवं एफएलसी काउंसलर ने सभी प्रशिक्षुओं को सफलता के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं। निदेशक द्वारा संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि मार्च माह में सॉफ्ट टॉयज मेकिंग, पेपर कवर, लिफाफा एवं फाइल मेकिंग, ट्रेवल एंड टूरिस्ट गाइड तथा बांस एवं बेंत उत्पाद निर्माण के प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

