 
  
 भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रहे VVIP और VIP मूवमेंट से आम जनता का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस मुद्दे को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने हाल ही में नवनियुक्त एसपी सिटी से मुलाकात की और उनके माध्यम से पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड को ज्ञापन भेजा।
मनोज शर्मा ने ज्ञापन में कहा कि नैनीताल जिला और विशेष रूप से भीमताल विधानसभा विश्व पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहाँ गोल्ज्यू देवता का दरबार, भीमेश्वर महादेव मंदिर, गर्ग ऋषि की तपोभूमि, सोमबारी महाराज का दरबार, देवगुरु बृहस्पति मंदिर, आदि कैलाश, बाबा लोहाखाम, हैड़ाखान धाम और कैची धाम जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्थित हैं। ऐसे में यहां VVIP और VIP मूवमेंट स्वाभाविक हैं, लेकिन इनके कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इन मूवमेंट्स के चलते धारी, ओखलकांडा, रामगढ़, भीमताल शहर और ग्रामीण इलाकों की यातायात व्यवस्था अक्सर चरमरा जाती है। आम जनता, किसान, छात्र और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हैं। कभी-कभी एक घंटे का सफर तय करने में 5 से 6 घंटे तक लग जाते हैं, एम्बुलेंसें भी जाम में फंस जाती हैं। किसानों की उपज समय पर मंडियों तक नहीं पहुँच पा रही और व्यापारियों का कारोबार भी ठप हो रहा है।
मनोज शर्मा ने बताया कि रानीबाग पुल क्षेत्र, जो भीमताल विधानसभा का मुख्य प्रवेश बिंदु है, आपदा के बाद से मलबे के ढेर में तब्दील है। कई महीनों बीत जाने के बावजूद यह मलबा नहीं हटाया गया है, जिससे हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। यह स्थिति जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की लापरवाही को उजागर करती है।
वरिष्ठ नेता ने कहा कि यदि प्रशासन और शासन एक सुव्यवस्थित यातायात प्लान तैयार करे, तो आम जनता की दिनचर्या प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने मांग की कि भीमताल और नैनीताल में होने वाले सभी विशेष मूवमेंट के लिए अलग से यातायात योजना बनाई जाए ताकि जनता को परेशानी ना हो।
मनोज शर्मा ने कहा कि सरकार जनता से टैक्स वसूल रही है, इसलिए जनता को सुविधा देना उसकी जिम्मेदारी है, न कि उन्हें यातायात अव्यवस्था और जाम के झाम में फंसाकर उत्पीड़ित करना।
 



 
						 
						