 
  
 भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के काठगोदाम–हैड़ाखान–खनस्यूं–मीडार मोटर मार्ग पर स्थित लुगड़ पुल का अब जीर्णोद्धार किया जाएगा। पुल के पुनर्निर्माण कार्य के लिए 1 करोड़ 11 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने पुल के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
यह पुल क्षेत्र के लगभग 120 गाँवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। समय के साथ पुल की लोहे की संरचना में जंग लगने से यह कमजोर हो गया था, जिससे भारी वाहनों के लिए यह खतरा बन गया था। ग्रामीणों की लगातार मांग पर विधायक कैड़ा ने शासन से धनराशि स्वीकृत करवाई और अब कार्य शुरू हो गया है। विधायक कैड़ा ने कहा कि पुल के निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य डीकर सिंह मेवाड़ी, तेज सिंह चिलवाल, जमन सिंह चिलवाल, राम सिंह सम्मल, सुरेश मेवाड़ी, नरेश चंद, डीकेश बिष्ट, चिराग बोहरा, महेंद्र कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुल के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत पर विधायक राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया।
 



 
						 
						