IMG 20260907 WA0624 चंबा में खुली अल्मोड़ा अर्बन बैंक की 69वीं शाखा, पहले दिन खुले 100 से ज्यादा खाते

चंबा में खुली अल्मोड़ा अर्बन बैंक की 69वीं शाखा, पहले दिन खुले 100 से ज्यादा खाते

अल्मोड़ा उत्तराखण्ड कारोबार ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

टिहरी गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र के लोगों के लिए बैंकिंग सुविधाओं को लेकर अच्छी खबर है। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने चंबा में अपनी 69वीं शाखा शुरू कर दी है। आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं से लैस इस शाखा के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बैंकिंग सेवाएं और आसान और तेज मिलने की उम्मीद है।

मसूरी रोड स्थित अल्मोड़ा अर्बन बैंक की नई शाखा का शुभारंभ ब्रिगेडियर सेवानिवृत्त पारितोष पंत ने किया। उद्घाटन समारोह में बैंक की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत और प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पी.सी. तिवारी समेत बैंक के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

बैंक प्रबंधन के मुताबिक चंबा की इस नई शाखा को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ा गया है। ग्राहकों को कोर बैंकिंग सिस्टम यानी सीबीएस के साथ आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इस मौके पर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पी.सी. तिवारी ने बैंक की विकास यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 में महज 2 लाख 56 हजार रुपये की पूंजी और पांच कर्मचारियों के साथ शुरू हुआ अल्मोड़ा अर्बन बैंक आज करीब पांच लाख खाताधारकों तक पहुंच चुका है।

बैंक का कुल कारोबार 6 हजार 500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है, जबकि अंशधारकों को 10 प्रतिशत लाभांश दिया जा रहा है। बैंक प्रबंधन के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में कनखल हरिद्वार, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, मियांवाला और गोल मार्केट देहरादून में भी नई शाखाएं खोली जाएंगी।

इतना ही नहीं, अगले वित्तीय वर्ष में 10 और शाखाएं खोलने की योजना है। बैंक में फिलहाल 800 से ज्यादा युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि विस्तार के साथ भविष्य में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

डिजिटल बैंकिंग को लेकर भी बैंक ने बड़ा अपडेट दिया है। पी.सी. तिवारी के मुताबिक भारतीय रिजर्व बैंक से मोबाइल बैंकिंग की अनुमति मिलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं अगले 15 दिनों के भीतर ग्राहकों को नेट बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

चंबा शाखा को लेकर ग्राहकों में भी पहले दिन से ही खास उत्साह देखने को मिला। शाखा शुरू होने के पहले ही दिन 100 से ज्यादा नए खाते खोले गए और एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा हुई।

यानी अल्मोड़ा अर्बन बैंक का विस्तार अब पहाड़ के नए क्षेत्रों तक तेजी से पहुंच रहा है। चंबा में 69वीं शाखा की शुरुआत के साथ बैंक ने डिजिटल बैंकिंग और रोजगार विस्तार को लेकर भी अपनी आगे की योजनाएं स्पष्ट कर दी हैं।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *