नैनीताल। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की गईं। इस अवसर पर हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से टीबी मरीजों के सहयोग एवं पोषण सहायता के लिए 200 निक्षय पोषण किट उपलब्ध कराई गईं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को बेहतर पोषण और सामाजिक सहयोग मिलने से उनके उपचार में सकारात्मक मदद मिलती है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
वरिष्ठ जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश ढकरियाल ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी की जांच और उपचार की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना किसी संकोच के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने कहा कि निक्षय पोषण किट के माध्यम से मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराना टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग जारी रखने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से जिला कार्यक्रम समन्वयक अजय भट्ट, पारस साह, दिनेश रावत, कमलेश बचखेती और भूपेंद्र सिंह सहित हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रमेश बिंजोला, उपाध्यक्ष प्रीतिसागर गर्ग, सचिव मनोज डागा, उपसचिव मलय त्रिपाठी एवं अर्पित अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

