हल्द्वानी। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी से बहुत भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिले में शनिवार, 5 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एक दिन के लिए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
आदेश के अनुसार 5 सितंबर को विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र के आवासीय शैक्षणिक संस्थान इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे। जिन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, वहां यह आदेश लागू नहीं होगा।
मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित संस्थानों में सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

