बागेश्वर। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर गुरुवार को बागेश्वर के जौलकांडे स्थित हरेला वन में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरित उत्तराखण्ड के निर्माण, जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनभागीदारी आधारित महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने गरुड़ गंगा परियोजना सहित विभिन्न पर्यावरणीय पहलों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही लोगों को निःशुल्क पौधे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

