IMG 20260219 WA0007 जल संस्थान नैनीताल की लापरवाही पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा का फूटा गुस्सा, अधीक्षण अभियंता को भेजा ज्ञापन

जल संस्थान नैनीताल की लापरवाही पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा का फूटा गुस्सा, अधीक्षण अभियंता को भेजा ज्ञापन

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

 

भीमताल। भीमताल विधानसभा से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने जल संस्थान नैनीताल की कथित लापरवाही एवं हास्यास्पद कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन प्रेषित किया है। मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि धारी ब्लॉक के दुदुली सहित अन्य ग्राम सभाओं के ग्रामीण मार्च 2026 तक का जल बिल अग्रिम जमा कर चुके हैं, इसके बावजूद विभाग ने जल जीवन मिशन के नाम पर पुनः मार्च 2026 तक का बिल ग्रामीणों को थमा दिया है। उन्होंने कहा कि एक ओर ग्रामीण बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से परेशान हैं, वहीं क्षेत्र में बाघ का आतंक भी बना हुआ है। ऐसे समय में राहत देने के बजाय विभाग द्वारा दोबारा बिल भेजना सरासर अन्याय है।

शर्मा ने आरोप लगाया कि दुदुली गांव में जल जीवन मिशन योजना पहले ही अनियमितताओं की भेंट चढ़ चुकी है और इस संबंध में एसडीएम स्तर की जांच भी चल रही है। उन्होंने कहा कि योजना का निर्माण गुणवत्ताविहीन है, कार्य अधूरा पड़ा है तथा जगह-जगह लीकेज की समस्या बनी हुई है। पेयजल टंकियां भी मानकों के अनुरूप नहीं बनी हैं। पुरानी लाइनें योजना निर्माण के दौरान अव्यवस्थित कर दी गई हैं, जिससे ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा योजना की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए जाने के बावजूद विभाग ने सुधार के बजाय दोबारा बिल भेजकर लूट मचाने का काम किया है। मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रहा है और अधिकारी निरंकुश हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि केवल औपचारिक दौरों तक सीमित हैं और जनता की पीड़ा को नजरअंदाज किया जा रहा है।

मनोज शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन-जिन गांवों में दोबारा बिल भेजे गए हैं, उन्हें तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही जल जीवन मिशन की योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिल निरस्त नहीं किए गए और मानसिक उत्पीड़न के जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिए आंदोलन तेज करेंगे।

क्षेत्र पंचायत सदस्य गुनियालेख अमित कुमार ने भी जल जीवन मिशन के नाम पर हो रही कथित अनियमितताओं को तत्काल रोकने और ग्रामीणों को राहत देने की मांग की है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *