final logo अब मजदूर बना बाघ का शिकार

अब मजदूर बना बाघ का शिकार

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

रामनगर। रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज अंतर्गत पाटकोट क्षेत्र के भलोन गांव में रविवार सायं बाघ के हमले से एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी श्रमिक के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन बिछाने के कार्य के लिए आया हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भलोन क्षेत्र में पूर्व प्रधान मनमोहन पाठक की गौशाला में एक श्रमिक कार्यरत था, जो आसपास पाइपलाइन फिटिंग का काम भी करता था। रविवार सायं लगभग 7 बजे अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। कुछ दूरी पर श्रमिक का शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। मुख्य वन संरक्षक डॉ. साकेत बडोला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और नागरिकों से सावधानी बरतने व वन विभाग को सहयोग करने की अपील की गई है।

उधर, क्षेत्र के राज्य आंदोलनकारी अध्यक्ष नवीन नैनवाल ने वन विभाग के अधिकारियों से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं बाघ को जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बाघ के हमले हो रहे हैं और ठोस योजना के अभाव में ग्रामीण अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केवल मृतकों की कीमत तय कर औपचारिकताएं पूरी कर रही है, जबकि स्थायी समाधान की आवश्यकता है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *