एडिटिंग, माइक पर बोलने और रेडियो कार्यक्रम निर्माण की ली जानकारी
नैनीताल। पीएमश्री अटल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज नैनीताल की 11वीं व 12वीं कक्षा की 42 छात्राओं का एक दल शनिवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय स्थित सामुदायिक रेडियो स्टेशन के शैक्षिक भ्रमण पर पहुंचा। इस दौरान छात्राओं ने रेडियो के तकनीकी पक्ष, कार्यक्रम निर्माण की विभिन्न विधाओं तथा ऑडियो एडिटिंग की बारीकियां सीखीं, साथ ही माइक पर बोलने का व्यावहारिक अभ्यास भी किया।

रेडियो स्टेशन प्रभारी डॉ. राकेश रयाल ने छात्राओं को सामुदायिक रेडियो की विशेषताओं से अवगत कराते हुए बताया कि यह लोक संस्कृति के संरक्षण और समाज से संवाद का एक सशक्त माध्यम है। आरजे अनिल नैलवाल ने रेडियो के तकनीकी उपकरणों, रिकॉर्डिंग, एडिटिंग तथा विभिन्न प्रकार के रेडियो कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा आयोजित एक दिवसीय पाश (कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न) अधिनियम कार्यशाला में भी छात्राओं ने सहभागिता की, जहां उन्हें कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। योग थैरेपिस्ट डॉ. करुणा चौधरी ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं आहार संबंधी आदतों के प्रति जागरूक किया।
आरजे सुनीता भट्ट ने छात्राओं को ध्वनियों की दुनिया से परिचित कराते हुए बताया कि आसपास के परिवेश की आवाजों को ध्यानपूर्वक सुनना किस प्रकार रचनात्मकता और एकाग्रता को बढ़ाता है, और यही विविध ध्वनियां रेडियो कार्यक्रमों को अधिक आकर्षक बनाती हैं। छात्राओं ने अपने करियर संबंधी सपनों को साझा किया तथा लोकगीतों की प्रस्तुति भी दी।
इस शैक्षिक भ्रमण में विद्यालय की शिक्षिकाएं निमिता आर्या, नीता आर्या, बीना पंत और रीता टम्टा भी छात्राओं के साथ मौजूद रहीं।

