दुग्ध उत्पादन व प्रबंधन पर अनुभव साझा करने पहुंचे केरल के प्रतिनिधि
हल्द्वानी/लालकुआं। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में हल्द्वानी स्थित बैंक्विट हॉल में केरल मालावार क्षेत्र से भ्रमण पर पहुंचे 19 सदस्यीय बोर्ड प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को पारंपरिक कुमाऊनी टोपी पहनाकर तथा बाबा नीम करोली महाराज की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही स्थानीय पदाधिकारियों और सदस्यों का भी अध्यक्ष मुकेश बोरा ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के अंतरराज्यीय भ्रमण से दुग्ध उत्पादन, विपणन और प्रबंधन से जुड़े अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है, जिससे दोनों राज्यों के दुग्ध संघों को पारस्परिक लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने इसे सहकारिता क्षेत्र में ज्ञान और तकनीकी आदान-प्रदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का संचालन मार्केटिंग एवं प्रशासन मैनेजर संजय भाकुनी ने किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन में अतिथियों ने कुमाऊं की समृद्ध संस्कृति, आतिथ्य और परंपराओं की मुक्तकंठ से सराहना की। प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से प्रेमलाल (जनरल मैनेजर), श्रीनिवासन (फेडरेशन डायरेक्टर) और पी.पी. नारायण (यूनियन डायरेक्टर) शामिल रहे।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, मार्केटिंग एवं प्रशासन मैनेजर संजय भाकुनी, सुभाष बाबू (P&I), शांति कोरंगा एफओ, हेमंत पाल, विपिन चंद्र तिवारी, पुरन मिश्रा, प्रखर शाह, विमल कुमार, कुलदीप रैकवाल, लोकेश शर्मा, सुमित तिवारी, त्रिलोक नगदली, मनोज चुनौरा, पारस कुलौरा, सुमित कुमार, सुमित पांडे और मोहन सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।


