कृषि मंत्रालय भारत सरकार ने किया सम्मानित, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया मनोबल
नई दिल्ली। पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण, कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित 21वें स्थापना दिवस तथा पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम 2001 की रजत जयंती के अवसर पर देशभर के उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के प्रगतिशील किसान नरेंद्र सिंह मेहरा को पादप जीनोम संरक्षक कृषक मान्यता पुरस्कार 2022-23 से सम्मानित किया गया।
केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं शाल ओढ़ाकर श्री मेहरा को सम्मानित किया। इस दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, रामनाथ ठाकुर, प्राधिकरण के अध्यक्ष डा. त्रिलोचन महापात्रा, केंद्रीय कृषि सचिव देवेश त्रिवेदी तथा उप रजिस्ट्रार डा. उमाकांत दुबे भी उपस्थित रहे।
मेहरा को यह सम्मान गेहूं की प्रजाति ‘नरेंद्र 09’ विकसित करने तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार प्लांट जीनोम सेविनर अवार्ड के अंतर्गत दिया जाता है, जो उन किसान समुदायों एवं कृषकों को प्रदान किया जाता है जो प्राकृतिक एवं परंपरागत बीजों के संरक्षण पर कार्य करते हैं।
समारोह में देशभर के चार किसान समुदायों और छह व्यक्तिगत कृषकों को सम्मानित किया गया, जिनमें उत्तराखंड के नरेंद्र सिंह मेहरा भी शामिल रहे। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के उप प्रबंधक डा. विजय कुमार दोहरे ने समारोह स्थल पहुंचकर श्री मेहरा को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी पहनकर राज्य के इस प्रगतिशील किसान का सम्मान किया, जिससे समारोह स्थल पर गौरव और गर्व का वातावरण बन गया।
