IMG 20260721 WA0039 हरियाली मिशन पर निकले डॉ. आशुतोष पन्त, प्रदेश में 35 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

हरियाली मिशन पर निकले डॉ. आशुतोष पन्त, प्रदेश में 35 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल विविध समाज
खबर शेयर करें

14 जुलाई से शुरू हुए अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को किया जा रहा जागरूक

हल्द्वानी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से 14 जुलाई से शुरू हुआ वृहद पौधरोपण अभियान लगातार जारी है। पर्यावरणविद एवं पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. आशुतोष पन्त ने बताया कि इस वर्ष 35 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे सितंबर तक पूरा करने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी से सांसद अजय भट्ट द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन लोहनी के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में 500 पौधे उपलब्ध कराए गए और शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्रों के सहयोग से पौधरोपण किया गया।

डॉ. पन्त ने बताया कि हल्दूचौड़, कालाढूंगी, चकलुआ, सेंट पॉल्स स्कूल, जज फार्म, दमुवाढूंगा, हंसविहार-शांतिविहार और रुद्रपुर सहित कई क्षेत्रों में लोगों को उनके घरों में रोपण के लिए पौधे वितरित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मंगलवार सुबह हल्द्वानी के क्वींस पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया गया तथा पॉलीथीन का प्रयोग नहीं करने का संदेश दिया गया। स्कूल में अध्ययनरत करीब एक हजार बच्चों में से जिनके घरों में भूमि उपलब्ध है, उन्हें फलदार पौधे भेंट किए गए।

डॉ. आशुतोष पन्त ने कहा कि प्राणवायु के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। विकास आवश्यक है, लेकिन विकास के नाम पर जितने पेड़ काटे जा रहे हैं, उतनी संख्या में नए पौधे नहीं लगाए जा रहे हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रतिदिन दो से तीन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हालांकि, बीच-बीच में बारिश के कारण कुछ बाधाएं भी आ रही हैं, लेकिन जनसहयोग के बल पर निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. पन्त ने अभियान में सहयोग देने वाले महेश तिवारी, कपिल राणा, मनोज पाठक, आनंद भाकुनी, गिरीश जोशी, नित्यानंद जोशी, आर.पी. सिंह, संजय त्यागी, संजय बिरखानी और दीपक नेगी सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *