कॉर्बेट सिटी रामनगर को पहली बार मिलेगा देहरादून से सीधा रेल संपर्क, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को होगा बड़ा फायदा
रामनगर। रामनगर और पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी और खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिस रामनगर-देहरादून सीधी रेल सेवा की मांग की जा रही थी, वह अब पूरी होने जा रही है। सांसद अनिल बलूनी ने घोषणा की है कि आगामी ’’18 जुलाई से रामनगर और देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड के पौड़ी से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह रेल सेवा उनके लगातार प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रामनगर, जिसे कॉर्बेट सिटी के नाम से भी जाना जाता है, के लोग लंबे समय से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग कर रहे थे। नई रेल सेवा शुरू होने से रामनगर, नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राजधानी देहरादून तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। सरकारी कार्य, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के लिए यात्रा अब पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी। इसके साथ ही कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी सीधा और सुगम रेल संपर्क मिलेगा, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार और विकास को प्राथमिकता दे रही है। प्रारंभिक चरण में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। हालांकि यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए भविष्य में इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।रामनगर क्षेत्र के लोगों के लिए यह किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। हाल ही में धनगढ़ी पुल के आमजन के लिए समर्पित होने के बाद अब सीधी रेल सेवा की शुरुआत से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

